पीएम तक पहुंचाएंगी खागा नपं की मेहनत
खागा। खागा में बने सूबे के पहले जैविक खाद प्लांट (एमआरएफ) सेंटर का संचालन रविवार से शुरू हो गया। केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने फीता काटकर प्लांट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब किसानों को जैविक खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ठोस कचरे से जैविक खाद बनाने की यह पहल सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी की है कि वह कचरे को सड़क पर न फैलाए। जिससे खागा प्रदेश में नंबर एक की जगह पा सके। नगर को स्वच्छ रखने के लिए खागा नगर पंचायत की ओर से जो मेहनत हो रही है, वह उसे प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगी और हर हाल में इसे नगर पालिका का दर्जा दिलाएंगी। उन्होंने नगर पंचायत के प्रयासों की सराहना की और नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, उनके प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह, विधायक कृष्णा पासवान को साल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने मुस्लिमों के लिए सद्भावना मंडप बनाने का फैसला किया है और फतेहपुर में 2 करोड़ 34 लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण होगा। कहा कि वह पूरा प्रयास करेंगी कि यह सद्भावना हाल खागा और बिंदकी तहसील क्षेत्र में भी बनाया जाए। मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर के शुभारंभ पर एक किसान ने अन्ना मवेशियों से होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठाया। साध्वी ने जल्द ठोक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। ठोस कचरे से जैविक खाद बनाए जाने के साथ ही सांसद ने खागा ईओ लालचंद्र मौर्य से कहा कि वह जल्द ही बड़े पैमाने पर निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को लेकर योजना बनाएं।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी लालचंद्र मौर्य ने बताया कि नगर में स्वकर प्रणाली की शुरुआत की गई है। लोग अपने गृह कर का निर्धारण खुद ही कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में सभासदों की ओर से स्वकर प्रणाली को लेकर कस्बे के घरों की जानकारी जमा की गई है। इसमें घर कितने कमरे का है, कितने क्षेत्रफल में है आदि। इसके बाद एक फार्मूले के तहत कर का निर्धारण लोग खुद करके उसे जमा करेंगे। घरों की जानकारी जमा करने के मामले में सभासद अखिलेश मौर्य को पहला स्थान मिला। उन्हें पांच हजार रुपए, शील्ड व प्रशस्ति पत्र सांसद के हाथों दिलाया गया। इसी तरह से सभासद मोहम्मद सलीम को तीन हजार रुपये, ओमप्रकाश को दो हजार रुपये व रामप्रकाश को एक हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। पांचवें स्थान पर सभासद कमला पाल रहीं। उनके प्रतिनिधि को पांच सौ रुपये, शील्ड व प्रशस्ति पत्र दिया गया। सफाई नायक अमर सिंह को सम्मानित किया गया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033