सर्दी लगने से हेडकांस्टेबल की मौत
चांदपुर थाने में तैनात एक हेडकांस्टेबल को शनिवार रात सर्दी लग गई। सुबह देर तक बाहर न निकलने पर साथियों ने ध्यान दिया तो कमरे में हेडकांस्टेबल अचेतावस्था में लेटा था। आनन-फानन साथियों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
प्रयागराज जनपद के पनाशा निवासी श्याम मोहन पाण्डेय चांदपुर थाने में पिछले एक वर्ष से हेडकांस्टेबल के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम वह बिल्कुल ठीक थे। देर शाम खाना खाकर अपने कमरे में जाकर सो गए थे। थानाध्यक्ष नाहर सिंह ने बताया कि श्याम मोहन रोजाना सुबह छह बजे तक उठ जाते थे लेकिन रविवार सुबह साढ़े नौ बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं निकले। पुलिस कर्मियों ने कमरे में जाकर देखा तो उनका शरीर अकड़ चुका था और अचेतावस्था में थे। हालत गंभीर देख उन्हें आनन-फानन अमौली सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जहां कुछ देर तक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डाक्टर ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर हैलट के डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्याम मोहन की मौत सर्दी लगने से हुई है इस बात की पुष्टि कानपुर के डाक्टरों ने भी की है। पुलिस की सूचना पर परिजन कानपुर पहुंच गए। वहीं शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033