जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बारा में सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ सम्पन्न

रिपोर्ट - कैलाश विश्वकर्मा
प्रयागराज /बारा । तहसील पर आने वाली छोटी-छोटी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने हेतु जिलाधिकारी ने दिये सख्त निर्देश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र व्यक्तियों को लाभ पहुंचाया जाय- जिलाधिकारी प्रयागराज।
जनसामान्य से जुडी मूलभूत सुविधाओं की शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता क्षम्य नही- जिलाधिकारी प्रयागराज।
03 सितम्बर, 2019 प्रयागराज।
जिलाधिकारी प्रयागराज श्री भानुचन्द्र गोस्वामी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर बारा में जनसामान्य की शिकायतों को सुना तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से समाधान दिवस में आयी हुई शिकायतों को निस्तारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर प्रकरण स्थल पर जाकर उसे तुरन्त निस्तारित करने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की शिकायतों को हल्के में न लेकर गम्भीरता से उसकी शिकायत को सुने तथा शिकायत का निस्तारण भी सुनिश्चित करें। उन्होंने तहसील बारा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले सप्ताह तक छोटे प्रकरणों को सूचीबद्ध करते हुए उन्हें निस्तारित कर दिया जाये, इसके साथ ही सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त हो रही शिकायतों को एक टाइमलाइन में निस्तारित करने की कार्यवाही की जाय। किसी भी प्रकरण को बेवजह लम्बित न रखा जाय, इस बात का विशेष ध्यान दिया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अन्तिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागों में संचालित योजनाओं का कैम्प लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाय। उन्होंने कहा कि लोग योजनाओं के बारे में व्यापक रूप से समझ सके, इसके लिए सरल भाषा का प्रयोग किया जाय। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में लापरवाही करने या शिथिलता बरतने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रकरणो को बेवजह लम्बित रखने पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रकरण के निस्तारण में फर्जी रिपोर्ट लगाकर प्रकरण अगर निस्तारित किये गये तो सीधे बर्खास्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा दिये निर्देशों का अनुपालन करे तथा लोगो को समस्याओं को निस्तारित करें। जिलाधिकारी ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रकरण का निस्तारण करने वाले का पूरा नाम, पद और हस्ताक्षर अवश्य होना चाहिए, इस बात का ख्याल रखा जाय।
उन्होंने कहा कि लोगो से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं की शिकायतों को सम्बन्धित विभाग के अधिकारी पूरी गम्भीरता से ले, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर क्षम्य नही होगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कुल 394 आवेदन पत्र आये, जिसमें राजस्व के 164 मामले, पुलिस विभाग से सम्बन्धित-49 मामले, विकास से सम्बन्धित-57 मामले, विद्युत विभाग से सम्बन्धित-39 एवं अन्य 85 मामले समाधान दिवस पर आये। जिलाधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और मामलों के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। तहसील समाधान दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी-अरविंद सिंह, एडीएम प्रशासन वी0एस0 दूबे सहित सम्बन्धित सभी जिला स्तर के अधिकारीगण मौजूद थे।

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*