उन्नाव रेप पीड़िता का एक्सीडेंट, ADG बोले- ट्रक ड्राइवर, मालिक और BJP विधायक के मोबाइल की हो रही जांच

ट्रक ड्राइवर, क्लीनर, ट्रक मालिक, विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उनके साथियों के मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है.

उन्नाव रेप पीड़िता के एक्सीडेंट मामले में यूपी पुलिस ने सोमवार दोपहर प्रेस कांफ्रेंस कर अब तक के घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी. एडीजी लखनऊ जोन राजीव कृष्णा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना रविवार दोपहर एक बजे की है जब उन्नाव रेप पीड़िता की कार और एक ट्रक में आमने-सामने टक्कर हुई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. मामले में पुलिस की फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है. साथ ही ट्रक ड्राइवर, क्लीनर, ट्रक मालिक, विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उनके साथियों के मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है.

जेल में बंद चाचा ने दी तहरीर
लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए एडीजी लखनऊ ज़ोन ने कहा कि इस मामले में पीड़िता के चाचा, जो कि जेल में निरुद्ध हैं, उनकी तरफ से एक तहरीर मिली है. जिसके आधार पर रायबरेली में एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है. उन्होंने बताया कि पीड़िता के चाचा ने इस मामले को भी सीबीआई कोर्ट में जोड़ने की अपील की है.

पीड़िता और उसकी चाची थीं सीबीआई गवाह
उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में कुछ न्यूज़ चैनल पर यह खबर चल रही है कि कार में सवार सभी लोग सीबीआई के गवाह थे. उन्होंने कहा कि ये बात गलत है. हमारी सीबीआई अधिकारियों से बात हुई है. सिर्फ पीड़िता और उसकी चाची ही गवाह हैं.

बांदा से मोरंग लेकर आया था ट्रक
एडीजी ने बताया ट्रक ड्राइवर और उसके मालिक से पूछताछ हुई है. ड्राइवर के मुताबिक बांदा से मोरंग लेकर वह रायबरेली पहुंचा था. मोरंग की डिलेवरी के बाद वह रायबरेली से फ़तेहपुर जा रहा था. पीड़िता की कार रायबरेली से उन्नाव की तरफ जा रही थी, जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त भारी बारिश हो रही थी. यह टक्कर आमने-सामने हुई है. वहीं ट्रक की नंबर प्लेट पुती हुई होने पर एडीजी ने कहा कि ट्रक मालिक के मुताबिक उसने गाड़ी फाइनेंस करवाई थी और किश्त नहीं चुका रहा था, लिहाजा फाइनेंसर से बचने के लिए उसने ऐसा किया.

गाड़ी में जगह न होने की वजह से साथ नहीं गया गनर
एडीजी ने कहा कि सुरक्षाकर्मी साथ न होने की वजह यह थ कि गाड़ी छोटी थी और पीड़िता ने खुद गनर को साथ आने से मन किया था. उन्होंने कहा कि मामले में सभी एंगल से जांच की जा रही है. ट्रक ड्राइवर, मालिक, विधायक कुलदीप सिंह सेंगर व उनके सहयोगियों के मोबाइल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. यह हादसा है या साजिश इसकी भी तफ्तीश की जा रही है.


Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*