फांसी पर लटका मिला कानपुर का युवक

फतेहपुर। कानपुर में रहने वाला एक फैक्ट्री कर्मी सोमवार रात कमरे में फांसी पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने की आशंका जाहिर की है। हालांकि पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कानपुर बिठूर थाना क्षेत्र के टिकरा निवासी रामू कश्यप का बेटा विकास कश्यप (18) गांव के गुड्डू के साथ जयराम नगर इलाके में नमकीन फैक्ट्री में काम करने बुधवार को आया था। जयराम नगर में किराये के कमरे में साथियों संग रहता था। वह तबियत बिगड़ी होने के कारण सोमवार को काम पर नहीं गया था। उसके साथी रात को काम से लौटे। कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो पंखे से रस्सी के फंदे से विकास लटका हुआ था। घटना देखकर साथियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर चौकी इंचार्ज गोविंद सिंह पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। देर रात परिजनों के आने पर शव को मार्च्युरी में रखवाया गया। पिता ने बताया कि बेटा विकास तीसरे नंबर का था। उससे बड़े मोहित, आकाश, छोटा विमल है। दो बहनें कोमल, पायल है। मां रामबेटी और परिजन घटना से बदहवास हो गए। परिजनों ने बताया कि पीछे से कमरे में पहुंचने का रास्ता है। उसके बेटे की हत्या कर शव लटकाया गया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में मामला साफ हो जाएगा। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है।

Comments