अशोभनीय टिप्पणी पर मायावती का ट्वीट, लिखा- पूरे देश की महिलाओं से माफी मांगें आजम खान

उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आजम खान का बचाव करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी गलत नीयत से नहीं थी.

लोकसभा में महिला स्पीकर रमा देवी के खिलाफ आज़म खान द्वारा गुरुवार को किए गए पर्सनल कमेंट का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को जहां लोकसभा में इस पर बहस जारी है, वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर आजम खान की आलोचना की है.

सपा सांसद आजम खान की अशोभनीय टिप्पणी पर मायावती ने लिखा, "यूपी से सपा सांसद श्री आजम खान द्वारा कल लोकसभा में पीठासीन महिला के खिलाफ जिस प्रकार की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह महिला गरिमा व सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है तथा अति-निन्दनीय है. इसके लिए उन्हें संसद में ही नहीं बल्कि समस्त महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए."

अखिलेश ने किया आजम का बचाव

उधर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आजम खान का बचाव करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी गलत नीयत से नहीं थी. उन्होंने कहा, "आजम खान के संसद में बयान पर स्पीकर तय करें. अगर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल हुआ है तो मेरी पूरी पार्टी माफी मांगने को तैयार है. वहीं ये भी देखना चाहिए कि बीजेपी के सांसदों ने क्या बोला है?"

स्मृति ईरानी बोलीं- संसद किसी महिला की आंखों में झांकने की जगह नहीं

आज लोकसभा में बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, 'ऐसे बयान के लिए आज़म खान को हर हाल में माफी मांगनी होगी. उन्होंने कहा कि ये ऐसी जगह नहीं है, जहां किसी औरत की आंखों में झांका जाए'. स्मृति ईरानी के मुताबिक आज़म खान इस्तीफे का ड्रामा कर रहे थे.

स्मृति ईरानी ने आगे कहा, ''मेरे 7 साल के संसदीय कार्यकाल में किसी पुरुष ने इस तरह की हिमाकत नहीं की. ये सदन महिला से जुड़ा नहीं है बल्कि पूरे समाज से जुड़ा है. महिला किसी भी पक्ष की हो, मामला इस सदन के विशेषाधिकार का है और किसी को महिला के अपमान का हक नहीं है.''

रमा देवी ने कहा...

इससे पहले बीजेपी सांसद रमा देवी ने आजम खान द्वारा उन पर की गई विवादास्‍पद टिप्‍पणी को लेकर नाराजगी जताई थी. उन्होंने कहा, 'आज़म खान ने कभी औरतों की इज्‍जत नहीं की. हम सभी जानते हैं कि उन्‍होंने जया प्रदा को लेकर क्‍या कहा था? इन्‍हें लोकसभा में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. मैं स्‍पीकर से आज़म खान को बर्खास्‍त करने का अनुरोध करूंगी. आज़म को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए.'

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*