खेल-खेल में छात्र के नाक में लगी गेंद, मौत
खखरेरू (खागा)। शिक्षकों के साथ क्रिकेट खेल रहे एक छात्र के नाक में गेंद लगने से हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। छात्र के घरवालों ने थाने में इसकी शिकायत की तो एसडीएम, बीएसए मौके पर पहुंचे। अफसरों के कहने पर परिजन शांत हुए।
खखरेरू थाना क्षेत्र के चंदनमऊ गांव के प्राथमिक विद्यालय मैदान में प्रधानाध्यापक उस्मान सिद्दीकी, सहायक अध्यापक अमित यादव, ओमप्रकाश, अरविंद पटेल सोमवार को बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। खेलते समय अचानक एक गेंद मैदान में खड़े कक्षा पांच के छात्र नीरज (11) पुत्र रामभरोसे के नाक में लग गई। इससे उसके नाक से खून निकलने लगा और वह गिर पड़ा। यह देख शिक्षक घबरा गए और उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टरों के न मिलने पर उसे निजी अस्पताल में पहुंचाया। हालत ठीक हुई तो परिजन उसे घर ले गए। रात में फिर से नीरज को दिक्कत हुई तो परिजन उसे कौशांबी के एक अस्पताल ले गए। जहां देर रात उसकी नब्ज थम गई। मंगलवार की सुबह परिजन शव को लेकर थाने पहुंचे और शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने यह खबर उच्चाधिकारियों को दिया तो एसडीएम विनय गुप्त, बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह व एबीएसए धाता थाने पहुंचे। करीब दो घंटे बाद परिजन सुलह के लिए तैयार हुए। समझौता होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033