फतेहपुर: ऑनलाइन ठगी करने वाले दबोचे गए
फतेहपुर। बैंक अफसर बनकर क्रेडिट, डेबिट सर्विस देने और कार्ड बंद होने जैसे झांसे देकर खातों से ऑनलाइन रकम उड़ा लेने वाले गैंग का खुलासा हुआ है। रानी कालोनी के पठान मोहल्ले से गैंग के चार शातिर पकड़े गए हैं। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में सिमकार्ड, पेटीएम कार्ड, बायोमीट्रिक मशीन, मोबाइल, लैपटॉप समेत कई उपकरण बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेजा गया। लखनऊ एसटीएफ व सीओ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
सीओ सिटी केडी मिश्रा ने बताया कि करीब डेढ़ माह से शहर कोतवाली क्षेत्र में सीओ सिटी दफ्तर के पास यह खेल चल रहा था। मुख्य आरोपी मोहम्मद शमीम करीब डेढ़ महीने से साथियों के साथ रानी कालोनी रोड के पठान मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था। एसटीएफ लखनऊ टीम को सूचना मिलने पर गुरुवार रात यहां आई थी। टीम के निरीक्षक अंजनी कुमार तिवारी, एसआई ज्ञानेंद्र कुमार राय, एसआई सत्येंद्र कुमार विक्रम, शहर कोतवाल सत्येंद्र सिंह, एसआई अनुरुद्घ द्विवेदी की संयुक्त टीम ने गुरुवार रात मकान में छापा मारा। मौके से नई दिल्ली पालन रोड डाबरी गली नंबर पांच दशरथपुरी (मकान नंबर सी 99) निवासी शिवनाथ का बेटा संजय कुमार उर्फ सोनू व राजू (पैतृक निवास असोथर थाने के भैरवां गांव), खागा कोतवाली क्षेत्र के राजपूत नगर वार्ड नंबर तीन निवासी दिवंगत इंद्रबहादुर सिंह का बेटा युगराज सिंह, दिल्ली वेस्ट मोहम्मदपुर शाहाबाद निवासी जगदीश का बेटा मुकेश सैनी (पैतृक निवास बिहार प्रांत के हाजीपुर जिला) को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक कमरे की तलाशी में 136 सिमकार्ड, बीस डेबिट कार्ड, 11 फोन, एक बाइक, बीस पेजों में लिया गया क्रेडिट कार्ड धारकों का विवरण, एक लैपटॉप, एक चेक बुक, पैनकार्ड, तीन आधार कार्ड, बायोमीट्रिक मशीन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ फर्जीवाड़ा, आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033