फर्जीवाड़े की सफाई देने पर पूर्व प्रधान को बाहर निकाला
किशनपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास के फर्जीवाड़े की सफाई देने पर पूर्व प्रधान को बैठक के बाहर निकाल दिया गया। इस समय इनका बेटा ग्राम प्रधान है। समीक्षा के दौरान 15 आवंटियों के नाम का गांव में कोई व्यक्ति नहीं पाया गया। ऐसा होने पर केंद्रीय मंत्री का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
विजयीपुर ब्लाक के पहाडपुर ग्राम पंचायत की विकास की समीक्षा के लिए पहुंची ग्राम विकास राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने प्राथमिक विद्यालय में समीक्षा की। समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों की सूची के हिसाब से आवंटियों के नाम बुलाए जाने पर 15 आवंटियों के नाम का गांव का गांव में कोई भी व्यक्ति नहीं पाया गया। ग्राम प्रधान मदन यादव के पिता और पूर्व प्रधान सदाशिव यादव बचाव के लिए जवाब देने लगे, तो उनका ओहदा पूछा गया। प्रधान प्रतिनिधि बताने पर केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर उन्हें बैठक से बाहर निकाल दिया गया। लापरवाही देख बीडीओ विजयीपुर गोपी नाथ पाठक ने पक्ष रखते हुए डीपीआरओ अजय आनंद सरोज और ग्राम प्रधान पर मिलीभगत का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने अनियमितताओं के खिलाफ अधिकारियों को फटकार लगाई और धांधली करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश वाजपेयी, विधायक कृष्णा पासवान, रवि तिवारी, हिमांशु त्रिपाठी, विमलेश पांडेय, रोहित सिह, अरविंद मिश्रा आदि मौजूद थे।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033