अधूरी गोशाला में ताला, गोवंश का आतंक
फ़तेहपुर (गाजीपुर)। यूं तो योगी सरकार गोवंश की सुरक्षा व सुविधा का दावा कर रही है, लेकिन जिले में गोशालाओं का संचालन राम भरोसे ही है। फतेह नगर करसूमा ग्राम सभा के लक्ष्मणपुर गांव की गोशाला यूं तो कागजी तौर पर छह माह पूर्व ही तैयार हो गयी थी। क्षेत्रीय विधायक ने यहां पर गोवंश के लिए खोदे गए तालाब और चरही का लोकार्पण भी कर दिया था, लेकिन आज तक इस गोशाला का निर्माण पूरा नहीं हुआ। इससे क्षेत्र में गोवंश के आतंक से किसान परेशान है।
200 पशुओं की क्षमता वाली गोशाला का विवाद हर दिन गहराता जा रहा है, चूंकि जिस जमीन पर प्रशासन ने गोशाला बनाने का बोर्ड लगाया है उस जमीन पर गांव का ही एक किसान अपनी होने का दावा कर रहे हैं। किसान गुलाम का तर्क है कि जिस जगह पर गोशाला का निर्माण प्रारंभ हुआ उसमें उसकी सवा बीघे जमीन भूमिधरी की है। प्रशासन किसी भी सरकारी भूमि पर इस तरह के कार्य कर सकता है, लेकिन बिना किसान की अनुमति के किसी भी भूमिधरी पर निर्माण कराना अवैध है। किसान ने गोशाला निर्माण के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। जबकि राजस्व दस्तावेज यह बताते है कि पुराने समय में उक्त जमीन गोचर खाते की थी अचानक बीच में इसमें भूमिधरी कैसे हो गयी यह बड़ा सवाल है। एसडीएम सदर राहुल कश्यप का कहना है कि हम गोशाला की जमीन को लेकर पुराने दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं, चूंकि गोचर भूमि को किसी के पक्ष में भूमिधर किया ही नहीं जा सकता है। किसान के पास जो खतौनी है उसके आधार पर जमीन भूमिधर है। लेकिन कहीं न कहीं तथ्य छिपाकर जमीन को भूमिधर कराया गया है। जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। गोशाला की कहानी, ग्रामीणों की जुबानी गोशाला का संचालन न होने से बलीपुर, सामियाना, चुरियानी, फुलवामऊ गांव में बेसहारा पशु से खेती का भारी नुकसान हो राह है। प्रशासन जल्द गोशाला शुरू नहीं कराता तो किसान आंदोलन को मजबूर होंगे। दुल्ली शर्मा प्रशासन को चाहिए कि वह प्राथमिकता पर इस प्रकरण को हल करे और गोशाला का निर्माण पूरा कराए। ताकि गांव सहित क्षेत्र के किसानों को अन्ना पशुओं से छुटकारा मिल सके। यहां गोशाला संचालित न होने से पशु फसलें बर्बाद करते है। कुंवर शर्मा पशुचर की जमीन पर किसी की भूमिधरी कैसे आ गयी, इस पर प्रशासन को विचार करना चाहिए अगर किसी अधिकारी द्वारा दस्तावेजी हेरफेर किया गया तो उन्हें भी दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाए। ताकि इस तरह का खेल रोका जा सके। होरीलाल साहू हम लोग महीनों से उम्मीद लगाए है कि काम शुरू होगा, लेकिन विवाद के कारण अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। लेकिन तहसील के अधिकारियों ने यहां आकर मौका मुआयना देखा है, जिससे उम्मीद फिर जग गयी है कि जल्द ही इसका निर्माण होगा। दिलशाद
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033