फरियादी की मदद को तहसील में खुलेगी हेल्प डेस्क

बिदकी : तहसील में फरियादियों की मदद करने के लिए कुछ अहम बदलाव किए जाने की तैयारी हो चुकी है। फरियादी के प्रार्थना पत्र लेखन से लेकर संबंधित अधिकारी कर्मचारी तक पहुंचाने के लिए हेल्प डेस्क बनेगी। इस डेस्क में चार कर्मचारियों की तैनाती होगी जो आने वाले फरियादियों की मदद कर समस्या का निस्तारण कराएंगे।

तहसील में अब भी प्रतिदिन ऐसे फरियादी आते हैं जो प्रार्थना पत्र नहीं लिख पाते। तहसील में कानूनगो व लेखपालों को खोजने के लिए भटकना पड़ता है। फरियादी की इस समस्या को दूर करने के लिए एसडीएम प्रमोद झा ने तहसीलदार प्रमेश श्रीवास्तव व रजिस्ट्रार कानूनगो को हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश दिए हैं। इस हेल्प डेस्क में चार ऐसे कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा जो फरियादी बात समझकर उसका प्रार्थना पत्र लिख सकें। साथ ही संबंधित कानूनगो व लेखपाल तक प्रार्थना पत्र के साथ फरियादी को पहुंचाएं भी। ताकि किसी भी फरियादी को भटकना न पड़े। इसके साथ ही रजिस्ट्रार कानूनगो अनेक सिंह से लेखपालों व सभी सर्किल के कानूनगो के मोबाइल नंबर फ्लैक्स बनाकर तहसील में प्रदर्शित करने को कहा है। ताकि जिस भी फरियादी को जिस कानूनगो व लेखपाल की जरूरत हो मोबाइल से बात कर उनसे संपर्क कर सके।

Comments