सीबीआई जांच की जद में आ सकते हैं पूर्व सपा नेता व उनके भाई

फतेहपुर। माखी उन्नाव प्रकरण में ट्रक का कनेक्शन जिले के पूर्व सपा नेता व वर्तमान में प्रसपा जिला महासचिव नंदू पाल से जुड़ने की वजह से हड़कंप मचा है। सीबीआई जांच शुरू हुई तो नंदू पाल, उनके भाई देवेंद्र व ट्रक चालक आशीष पाल तीनों जांच की जद में आ सकते हैं। इसी वजह से पाल परिवार में हड़कंप मचा है। इधर, जिला प्रशासन भी निगरानी बनाए है। ट्रक चालक और ट्रक मालिक रायबरेली पुलिस की हिरासत में हैं। परिवार का आरोप है कि उनसे उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

ट्रक संचालक पूर्व सपा नेता नंदू पाल असोथर ब्लाक की पूर्व ब्लाक प्रमुख रामश्री के पति हैं। वर्तमान में प्रसपा ने इन्हें अपना जिला महासचिव बनाया है। शहर के आवास विकास में यह वर्ष 1995 से किराये के घर में रहते थे। उनका आवास शहर के तहसील रोड पाल नगर कालोनी में है। उनके घर में मंगलवार को ट्रक चालक आशीष पाल के पिता सूरज पाल मौजूद मिले। सूरज पाल ने बताया कि बेटा आशीष करीब चार साल से ट्रक चलाता है। छह माह से आशीष नंदू पाल के भाई देवेंद्र पाल का ट्रक चला रहा है। सूरज पाल ने बताया कि कार में टक्कर महज दुर्घटना है। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। सोमवार को रायबरेली के गुरबख्सगंज थाने गए थे। जहां बेटे से मुलाकात नहीं करने दिया गया। ट्रक मालिक देवेंद्र किशोर पाल को भी पुलिस ने रोक लिया है।
इधर मंगलवार को शहर के जेल चौकी इंचार्ज राजेंद्र त्रिपाठी ने पूर्व प्रमुख पति नंदू पाल से जानकारी ली। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने मोबाइल पर बातचीत की। कोतवाल ने नंदू पाल व उनके परिवार को बिना सूचित किए बाहर जाने पर रोक लगा दी है। उनका मोबाइल नंबर भी लिया है। नंदू पाल ने बताया कि मामले की सीबीआई जांच के लिए वह तैयार हैं। उनका घटना से कोई वास्ता नहीं है। ट्रक छोटे भाई देवेंद्र के नाम है। वह अपने ट्रक का संचालन देखता है। भाई होने के नाते वह परेशान हैं। यह हादसा है। विधायक कुलदीप सेंगर से लेना देना नहीं हैं। 

रायबरेली एआरटीओ ने कसा शिकंजा

रायबरेली एआरटीओ पर मौरंग लदा ट्रक सीमा में घुसने की बात को लेकर रायबरेली पुलिस प्रशासन ने सवाल उठाए हैं। इस पर रायबरेली एआरटीओ ने मंगलवार दोपहर पूर्व प्रमुख पति के मोबाइल पर फोन कर उनसे ट्रक के बारे में पूरी पूछताछ की।

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*