प्रेमिका की सगाई होने पर प्रेमी ने फांसी लगाई
हुसैनगंज (फतेहपुर)। प्रेमिका की सगाई होने से परेशान युवक ने गुरुवार रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों को शुक्रवार सुबह जानकारी हुई। परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने पुलिस से इंकार कर दिया। परिजनों की सहमति पर पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार करने दिया।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गौरा चुरियारा गांव निवासी दशरथ पासवान खेतीबाड़ी कर भरण-पोषण करते हैं। बेटा कमलेश (21) पिता के साथ खेती-किसानी में मदद करता था। परिजनों ने बताया कि रात को कमलेश कमरे में सोया था। परिवार के लोग छत और बाहर सोए थे। परिजनों ने सुबह रस्सी के फंदे से आंगन में शव लटका देखा।
चीख पुकार से गांव के लोग भी आ गए। रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया। पिता ने बताया कि अक्सर किसी लड़की से मोबाइल पर बातचीत करता था। साथियों से पता चला कि दूसरे जिले की एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। लड़की की सगाई हो जाने से कुछ दिन से तनाव में था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। थानेदार निशिकांत प्रधान ने बताया कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033