जिले के हथगाम ब्लाक में है कुलदीप सेंगर का पैतृक आवास
हथगाम (फतेहपुर)। जिले के हथगाम थाने के मुक्तीपुर गांव में उन्नाव के चर्चित विधायक कुलदीप सेंगर का पैतृक आवास है। यहां इनके बाबा रहा करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि पहले परिवार के लोग शादी-ब्याह के मौके पर आते थे। पर, उन्नाव में विधायक बनने के बाद से आना कम हो गया। करीब बीस साल से कोई नहीं आया है।
चर्चित विधायक कुलदीप सेंगर के बाबा शिवराज सिंह यहां मुक्तीपुर गांव में जन्मे थे और यहीं रहा करते थे। इसके बाद वह व्यापार के सिलसिले में नयागंज कानपुर में जाकर बस गए थे। शिवराज सिंह चार भाई ब्रजभूषण, वासुदेव व रामस्वरूप थे। यहां गांव में अब रामस्वरूप के बेटे रमेश सिंह, शिव कुमार सिंह परिवार सहित रहते हैं। शिवराज सिंह के तीन बेटे मुलायम सिंह, गुलाब सिंह और जगदीप सिंह हुए। रमेश सिंह ने बताया कि विधायक कुलदीप सेंगर मुलायम सिंह के बेटे हैं। यह लोग ननिहाल में काफी समय पहले जाकर बसे और वहीं के होकर रह गए। अब कुलदीप सेंगर का पैतृक आवास खंडहर में तब्दील है। विधायक के पिता को उन्नाव ससुराल में संपत्ति मिली थी। तभी से उन्नाव में परिवार लेकर बस गए थे। बाकी परिवार के लोग साधारण हैं। यह लोग कृषि से जीवन यापन करते हैं। ग्रामीणों के मुुताबिक विधायक कुलदीप सेंगर करीब दो दशक पहले शादी ब्याह में आते जाते थे। विधायक का ओहदा मिलने के बाद आना जाना बंद हो गया। कभी कभार यहीं से परिवार के लोग आते जाते हैं।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033