80 बेसहारा पशु बंद करने पर बवाल, दर्ज होगा मुकदमा
फतेहपुर: बेसहारा पशुओं की धमा चौकड़ी से परेशान किसानों का सब्र टूटने लगा है। रविवार को तेलियानी ब्लॉक के आधा दर्जन गांवों से करीब 80 अन्ना मवेशियों को घेरकर भिटौरा ब्लॉक की रारा गोशाला पहुंच गए। गोशाला कर्मियों ने दूसरे ब्लाक के पशुओं को लेने से इंकार करते हुए मुख्य गेट पर ताला डाल दिया। इससे नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए ताला तोड़ कर पशुओं को अंदर बंद कर दिया। सीडीओ ने इसे तानाशाही बताते हुए ताला तोड़ने वाले किसानों पर मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की है।
रविवार दोपहर तेलियानी ब्लॉक के दमापुर, चिकनियापुर, कांधी समेत कई गांवों के किसान लाठी-डंडा के सहारे करीब 80 पशुओं को लेकर रारा गोशाला पहुंच गए। चूंकि गोशाला में चारों तरफ से कटीले तार लगे है और मुख्य गेट पर कर्मचारी तैनात है, इस लिए किसान पशुओं को अंदर नहीं कर पा रहे थे। तैनात कर्मचारियों ने कहा कि यह किसान तेलियानी ब्लॉक क्षेत्र के गांवों के हैं इस लिए इन्हें तेलियानी ब्लाक की सलेमाबाद गोशाला में ही नियमत: इंट्री दी जाएगी। इस पर किसान भड़क गए और गेट पर मौजूद कर्मचारियों को खदेड़ते हुए मुख्य गेट का ताला तोड़कर पशुओं को अंदर कर दिया। पंचायत सचिव रणधीर सिंह व पंचायत मित्र समेत प्रधान ज्ञान सिंह ने इस मनमानी की सूचना उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई। दोनो पक्षों से गहमा-गहमी का माहौल रहा। किसान हंगामा करते हुए सरकार की व्यवस्था को कोसते रहे। गुंडागर्दी नहीं चलने देंगे, दर्ज होगा मुकदमा : सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी चांदनी सिंह ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है। इसमें किसान गेट का ताला तोड़ रहे हैं। बीडीओ ओपी मिश्रा को बवाल करने वालों के खिलाफ मुकदमे की संस्तुति कर दी गयी है। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। हम सिर्फ अपने ब्लॉक के अन्ना पशु लेंगे : बीडीओ
बीडीओ भिटौरा ओपी मिश्रा ने कहा कि कोई भी किसान हमारी गोशाला में जबरन पशु नहीं भेज सकते हैं, इसकी प्रक्रिया है। उसका पालन करने पर ही पशु गोशाला में लिया जाएगा। रही बात दूसरे ब्लाक के पशुओं को लेने की तो हम सिर्फ अपने ब्लाक के पशु ही लेंगे। चूंकि हर ब्लाक में एक से दो गोशालाएं बनी हैं। जो जिस ब्लॉक क्षेत्र का गांव वहां के अन्ना वहां पहुंचाए जाएं।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033