सेवानिवृत्त अमीन की हत्या में पांच नामजद
चौडगरा (फतेहपुर)। कल्यानपुर थाने के पहुर गांव में हमलावर सेवानिवृत्त अमीन की पिटाई से मौत के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक समेत पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि इससे पहले गोली लगने से घायल पक्ष की ओर से सेवानिवृत्त अमीन व उनके बेटे पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज की थी।
पहुर गांव निवासी किसान विजय पांडेय ने सेवानिवृत्त अमीन के दरवाजे के पास मौरंग गिरवा दिया था। इसी बात को लेकर 11 अगस्त की रात दोनों पक्षों में विवाद हुआ। सेवानिवृत्त अमीन ने लाइसेंसी रायफल से गोली चलाई, जिसमें बहू शांति और पौत्र शुभम व एक पड़ोसी महिला को गोली लगी थी। बहू व पौत्र कानपुर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती हैं। बहू की हालत गंभीर है। पड़ोसी महिला रन्नो ठीक है। बताते हैं कि इसके बाद भीड़ ने गोली चलाने वाले सेवानिवृत्त अमीन को जमकर पीट दिया था। पुलिस वाले भी तब तक पहुंच गए थे। आरोप है कि उन्हीं के सामने पीटा गया। पिटाई से घायल सेवानिवृत्त अमीन ने कानपुर हैलट में देर रात दम तोड़ दिया था। परिजन पोस्टमार्टम के बाद सेवानिवृत्त अमीन के शव को भैरवघाट कानपुर में अंतिम संस्कार करने के बाद सोमवार रात लौटे। यहां पर मंगलवार को बेटे शिवाकांत पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने संतोष कुमार पांडेय, प्रमोद कुमार पांडेय पुत्रगण भागवत प्रसाद, अभिषेक पांडेय, शिवम पांडेय पुत्रगण संतोष कुमार पांडेय और गोली लगने से घायल शुभम पांडेय पुत्र विजय पांडेय के खिलाफ बलवा, मारपीट व गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थानाध्यक्ष जेपी उपाध्याय ने बताया कि सेवानिवृत्त अमीन के बेटे की तहरीर पर एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गोली लगने से घायल पक्ष की जान से मारने का प्रयास की रिपोर्ट पहले ही लिखी जा चुकी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033