शादी का झांसा देकर किया रेप, युवती बनी मां
रायबरेली। लालगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से अवैध संबंध बना लिए। जब युवती एक बच्ची की मां बन गई तो आरोपी ने चरित्र हीनता का आरोप लगाकर पल्ला झाड़ लिया। युवती के परिवारीजनों ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी पक्ष पर गिरफ्तारी का दबाव बढ़ाया तो वह भागकर हाईकोर्ट चले गए।
हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी से राहत तो दी लेकिन डीएनए प्रोफाइल टेस्ट कराने का आदेश भी दे दिया। हाईकोर्ट के आदेश पर डीएनए टेस्ट हुआ। इसमें आरोपी ही बच्ची का बायोलॉजिकल पिता निकला। करीब एक साल बाद युवती व नवजात बच्ची को न्याय मिल पाया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को रेप और पास्को एक्ट जैसे संगीन आरोपों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक के पड़ोस की युवती के साथ प्रेम संबंध थे। वो शादी का झांसा देकर एक साल तक दुष्कर्म करता रहा। इसी बीच युवती गर्भवती हो गई। परिवारीजनों को इसकी जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। उन्होंने आरोपी के घरवालों से बात की। इस पर युवक ने घर वालों ने आश्वासन दिया कि बच्चा होने के बाद शादी कर लेंगे।
युवती ने 25 जुलाई 2018 को एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद फिर युवक के घरवालों से शादी करने के लिए कहा लेकिन वह मुकर गए। युवक ने कहा कि यह उसकी बच्ची नहीं है। युवती के उसके जीजा से अवैध संबंध थे। यह बच्ची उसी की है। जब बात नहीं बनी तो युवती के परिवारीजनों ने एक सितंबर को लालगंज कोतवाली में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी पर दबाव बनाया तो युवक हाईकोर्ट चला गया। अदालत को बताया कि युवती ने जिस बच्ची को जन्म दिया है, वह उसका पिता नहीं है। युवती के उसके जीजा से अवैध संबंध थे और बच्ची उसी की है। युवती ने भी अपनी बात रखी। इस पर अदालत ने युवती, बच्ची और युवक का डीएनए टेस्ट कराए जाने के आदेश दिए। इसके बाद डीएनए टेस्ट कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि डीएनए टेस्ट में आरोपी युवक ही बच्ची का बायोलॉजिक पिता निकला है। वह पुलिस को गुमराह कर रहा था। युवती और उसके परिवारीजनों से भी झूठ बोल रहा था। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज धाराओं में बदलाव करते हुए पाक्सो एक्ट लगा दिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 376, 506, 5/6 पास्को एक्ट के तहत जेल भेज दिया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033