गांवों के किनारे डाला जा रहा औद्योगिक कचरा
फतेहपुर : सौंरा, मलवां से छिवली नदी तक फैली औद्योगिक इकाइयों का कचरा खुले में गांवों में किनारे फेंका जा रहा है। इन फैक्ट्रियों में कचरा निस्तारण के इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में कर्मचारी रात के अंधेरे में हाईवे के किनारे गांवों को जोड़ने वाले लिंक मार्गो पर इनके ढेर लगा रहे हैं। बारिश में भीग रहा कचरा बीमारियों को दावत दे रहा है। वहीं मटमैले रंग का अपशिष्ट जमीन को नुकसान पहुंचा रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश औद्योगिक इकाइयां धान की भूसी, केमिकल आदि का इस्तेमाल करती हैं। भूसी जलने के बाद राखी निकलती है जो बेहद खतरनाक है। इसके अलावा गोंदनुमा मटमैले रंग का अपशिष्ट भी निकल रहा है। ये जहां भी डाला जा रहा हैं वहां मिट्टी की सेहत खराब हो रही है। ग्रामीणों की मानें तो पिछले दस वर्ष से यही हालात हैं, लेकिन कई बार कहने के बावजूद अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे।
रिवर्स बोरिग से खराब हो रहा भूजल
औद्योगिक इकाइयों का दावा है कि वह अपशिष्ट को ट्रीट कर निस्तारित कर रही हैं। हालांकि असलियत ये है कि सभी फैक्ट्रियों में रिवर्स बोरिग कर गंदे पानी को जमीन में पहुंचाया जा रहा है। इससे भूजल की गुणवत्ता भी खराब हो रही है।
ग्रामीण कई बार कर चुके हैं शिकायत
गोधरउली गांव के राजेश सिंह का कहना है कि पिछले कई वर्षो से औद्योगिक इकाइयां का अपशिष्ट खुले में फेंका जा रहा है। कई बार इसकी शिकायत की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इसी तरह आशापुर के रामऔतार प्रजापति ने कहा कि खुले में फेंकी जाने वाली भूसी की राखी आंखों को नुकसान पहुंचा रहा है। अकबरखेड़ा, अभयपुर, रानीपुर थानपुर, बड़ाहार, बीकमपुर, रावतपुर सहित दर्जनों गांवों की यही समस्या है।
यहां पर फेंका जा रहा है औद्योगिक कचरा
-आशापुर डाक बंगले से शादीपुर मार्ग
-आशापुर डाक बंगले से अभयपुर मार्ग
-छिवली से कौड़िया गलाथा मार्ग
-गोधरउली से बनियनखेड़ा मार्ग
-बीकमपुर से शिवराजपुर मार्ग औद्योगिक इकाइयों का कचरा बीमारियों को दावत दे रहा है। नियमत: औद्योगिक इकाई को कचरे का निपटान स्वयं करना चाहिए। प्रशासनिक अफसरों ने इस बारे में पत्राचार किया गया है। धान की जली हुई भूसी से आंख की रोशनी जाने का भी डर बना रहता है।
- उमाकांत पांडेय, सीएमओ मामला संज्ञान में आया है, पता करवाएं कि कहां-कहां कचरा फेंका जा रहा है। औद्योगिक इकाइयां निस्तारण क्यों नहीं कर रही हैं। इसकी जांच कराएंगे। डीएम को रिपोर्ट देकर कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।
प्रमोद झा, एसडीएम
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033