ट्रक से कुचलकर कक्षा दो के छात्र की मौत, हंगामा
बहुआ(फतेहपुर)। ललौली बिंदकी हाईवे पर सोमवार शाम महाखेड़ा गांव के पास ट्रक से कुचलकर कक्षा दो के छात्र की मौत हो गई। बच्चे की मौत से आक्रोशित भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया। उप जिलाधिकारी सदर राहुल कश्यप विश्वकर्मा के आश्वासन के बाद जाम खुल पाया। तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
महाखेड़ा गांव निवासी रामेंद्र कुमार सोनकर का जुड़वां बेटा हर्ष सोनकर(7) रियल हार्ट इंगलिश मीडियम स्कूल बहुआ में कक्षा दो में पढ़ता था। हाईवे से कुछ फासले पर स्थित अपने घर से शाम पांच बजे दुकान टाफी लेने जा रहा था। इसी दौरान बिंदकी की तरफ से आया तेज रफ्तार ट्रक छात्र को कुचलता हुआ निकल गया। दुर्घटना होते ही हाईवे पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। छात्र की ट्रक से कुचलकर मौत पर मां रानीदेवी, बड़ी बहनें गरिमा, पायल, जुड़वां भाई हंस सोनकर और छोटी बहन नैंसी रोते बिलखते घटना स्थल पहुंचीं। मजदूरी करने गया पिता भी बेटे की दुर्घटना में मौत की सूचना पर मौके पर पहुंच गया। परिवार को बिलखता देख भीड़ नाराज हो उठी। लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर ललौली थानाध्यक्ष केशवदास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझाने की कोशिश करने लगे लेकिन बात नहीं बनी। इसकी सूचना थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों की दी। सूचना पर गाजीपुर थानाध्यक्ष संदीप तिवारी, जाफरगंज थानाध्यक्ष एमपी सिंह, बिंदकी कोतवाल के साथ सीओ जाफरगंज श्रीपाल यादव पहुंचे। सीओ ने जाम लगाए भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। सूचना पर उप जिलाधिकारी सदर मौके पर पहुंचे और चालक को ट्रक समेत पकड़कर कार्रवाई करने और छात्र के परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान हाईवे के दोनों तरफ वाहनो की लंबी कतारें लगी रही। थानाध्यक्ष केशवदास ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छात्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033