लक्ष्य पूरा, हर गरीब तक पहुंचा पीएम आवास
फतेहपुर: सामाजिक आर्थिक जनगणना 2011 के सर्वे में छत विहीन पाये गए 38365 परिवारों का आवास वितरण लक्ष्य गुरुवार को शत-प्रतिशत पूरा हो गया। विकास भवन सभागार से मौजूदा वर्ष के 210 लाभार्थियों को आवास का स्वीकृत पत्र वितरित करके केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यह मोदी सरकार है, जो कहती है वह करती है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि जो गरीब सर्वे सूची में छूट गए हैं उनके लिए भी आवास दिलाएंगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा वर्ष में जिन 5582 लोगों को आवास आवंटित हुए हैं, अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनसे किसी प्रकार की उगाही न हो।
केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकारें सबका साथ सबका विकास का नारा लेकर आगे बढ़ रहीं है। इससे पहले उन्होंने पिछले चार वित्तीय वर्ष में आवंटित आवासों की समीक्षा की और यह भी पूछा कि सूची में दर्ज कितने लोगों को दोबारा सत्यापन में अपात्र पाया गया। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री का अधिकारियों ने स्वागत किया और भरोसा दिया कि निष्पक्ष होकर प्रशासन काम कर रहा है, और आगे भी करेगा। इस मौके पर डीएम संजीव सिंह ने पूर्व के वर्षों में बांटे गए आवासों का ब्योरा दिया। मौजूदा वर्ष के आवास लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरण कार्यक्रम ब्लाकवार कराने की इच्छा शक्ति जताई। इस मौके पर सीडीओ चांदनी सिंह, डीडीओ रमेश चंद्रा, सभी विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक एके निगम द्वारा किया गया। सूची के अवशेष लोगों को मिलेगा मौका: सीडीओ
स्वीकृत पत्र वितरण के दौरान सीडीओ चांदनी सिंह ने कहा कि अगर जिले में कोई ऐसा लाभार्थी अवशेष बचा है, जिसका नाम 2011 की सर्वे सूची में दर्ज है और वह आवास की पाने की पात्रता रखता है, लेकिन आवास नहीं दिया। ऐसे लोगों की सुनवाई होगी और उन्हें आवास की राशि प्रदान की जाएगी। ऐसे लोग पीडी, बीडीओ या उनके कार्यालय में सीधे संपर्क कर सकते हैं। स्वीकृत पत्र वितरण की तिथियां तय
भिटौरा व तेलियानी ब्लाक में नौ अगस्त, अथोसर, मलवां, धाता व ऐरायां ब्लाक में दस अगस्त, विजयीपुर में 11, हसवा में 13, देवमई में 14 तथा हथगाम में 19 अगस्त को मौजूदा वर्ष के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके लिए खंड विकास अधिकारियों को लाभार्थी बुलाने और आयोजन को संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। आवास वितरण का ब्योरा 2011 के सर्वे में चिह्नित गरीब- 62125
दोबारा सत्यापन में अपात्र पाए गए- 23760
बीते चार वित्तीय वर्षों पात्रों को वितरण- 38365
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033