नमाज के दौरान मारपीट, आठ लोग जख्मी

हथगाम : थाना क्षेत्र के दुदौली जलालपुर गांव में नमाज अदा कराने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। झगड़े में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल एक अधेड़ को गंभीर चोट के चलते जिला अस्पताल भेजा गया है।

दुदौली जलालपुर गांव में सोमवार को बकरीद की नमाज अदा कराने को लेकर इमाम के नाम पर तनातनी का माहौल बन गया। सुबह पांच बजे की नमाज अदा कराने के लिए गांव के रहने वाले फकरुल खड़े हुए तो दूसरे पक्ष के अकमल ने उन्हें रोक दिया। नबी अहमद ने नमाज अदा कराते हुए विवाद टाल दिया। सुबह बकरीद की नमाज अदा कराने में पुन: विवाद की स्थिति बनी तो दाउद ने दोनों पक्ष को शांत कराते हुए नमाज अदा करा दी। दोपहर बाद जौहर की नमाज अदा करने में विवाद पैदा हुआ तो इस बार जैसे ही फकरुल खड़े हुए दूसरे पक्ष से मो. अकमल आदि लोगों ने मारपीट शुरु कर दी। दोनों पक्ष से हुई मारपीट में 40 वर्षीय फकरुल हसन, 50 वर्षीयअब्दुल रब, 30 वर्षीय मो. अकमल, 55 वर्षीय मो. रईश, दूसरे पक्ष से 22 वर्षीय मो. जायद, 53 वर्षीय शमीम अहमद, 20 वर्षीय मो. कयामुल तथा 65 वर्षीय मुस्तरी बेगम घायल हो गए। नमाज के समय मारपीट से भगदड़ मच गई। छिवलहा चौकी से इंचार्ज अभिषेक सिंह तथा यूपी 100 की गाड़ियां मय फोर्स पहुंच गई। दोनों पक्ष से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटें के चलते मो. रईश को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया। प्रभारी निरीक्षक एके मिश्र ने बताया कि दोनों पक्ष से मारपीट व बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में 11 व्यक्तियों को नामजद किया गया है।

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*