दुकान में सेंधमारी कर हजारों का सामान चोरी
परचून की दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर रविवार रात हजारों का सामान समेट ले गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे दुकानदार ने पुलिस को मामले से अवगत कराया तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। भुक्तभोगी ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। चांदपुर थाना क्षेत्र के रूरा गांव निवासी जगमोहन साहू पड़ोसी गांव मकरंदपुर में परचून की दुकान चलाता है। बताया कि रविवार की शाम वह दुकान में ताला बंदकर रोज की तरह घर चला गया था। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगी देखी तो उन्हें कुछ आशंका हुई। पड़ोसियों ने मामले की जानकारी फोन से जगमोहन को दी, जानकारी मिलते ही जगमोहन तुरंत दुकान पहुंचा, जहां पीछे की दीवार में सेंध लगी देख स्तब्ध रह गया। दुकान का ताला खोलकर अन्दर पहुंचा तो दंग रह गया। दुकान का सारा सामान फैला पड़ा था। दुकान में चोरी हो चुकी थी। जगमोहन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। वहीं भुक्तभोगी जगमोहन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दुकान से करीब 60 हजार रुपए कीमत का सामान चोरी हो गया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033