पत्नी ने स्वीकारा, पति की हुई थी हत्या
चौडगरा। बाइक मैकेनिक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग स्पष्ट है लेकिन परिजनों के सामने मैकेनिक की पत्नी के एक वीडियो ने तहलका मचा दिया है। इस वीडियो में पत्नी ने यह माना है कि उसके पति की हत्या की गई है। इधर, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक तहरीर मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कल्यानपुर थाने के मौहार गांव में बाइक मैकेनिक की 16 अगस्त की रात सोते समय संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या की शंका पर पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई थी। मलवां थाना क्षेत्र के भदबा गांव निवासी जहांगीर ने अपनी बेटी तंजुम की शादी तीन माह पूर्व थाना कल्यानपुर के मौहार गांव निवासी मो. यूनुस के बेटे रमजानी से की थी। घटना की जानकारी पर तंजुम के पिता जहांगीर परिवार के साथ मौहार आए थे और बेटी से पूछताछ की। जिसका यह वीडियो बनाया गया। वीडियो के मुताबिक पूछताछ में बेटी तंजुम ने कबूल किया पति रमजानी के फोन से अपने फुफेरे भाई निवासी डिघरुआ को रात में बुलाया था।
साथ में उसका एक मित्र भी था। मेरे सामने पति के पैर बांधे और दुपट्टा से गला कसकर हत्या किया था। इसके बाद धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देंगे और चले गये। इसीलिए सुबह उसने किसी को नहीं बताया। तंजुम के बयान का परिजनों ने वीडियो बनाया है। थाना प्रभारी जेपी उपाध्याय ने बताया कि पीएम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। परिजनों का बनाया गया वीडियो में हो सकता है लड़की किसी के दबाव में आकर बोल रही हो। फिर भी जिसका नाम आ रहा है, उसकी तलाश जारी है। सबूत मिले तो कार्रवाई तय है।
मैकेनिक की पत्नी तंजुम की मां हसीना ने बताया कि तंजुम को घर नहीं ले जाएंगे, जो अपने पति की नहीं हुई वह हमारी क्या होगी। समाज में हम मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं। पिता जहांगीर सदमे से बार बार बेहोश हो रहे हैं। मैकेनिक के भाई आसिफ ने बताया कि हमारे भाई की हत्या हो गई और यह छिपाती रही। फुफेरे भाई को बुलाया ही क्यों, ऐसे को हम कैसे रख सकते हैं। हालांकि तंजुम इस समय अपने ससुराल में ही है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033