जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर यात्री समेत दो को लूटा
फतेहपुर : जहखुरानी गिरोह के सदस्यों ने अलग-अलग थानान्तर्गत एक रोडवेज बस सवार यात्री समेत दो लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर नकद व सामान लूट लिया। बेहाश यात्री व ई-रिक्शा चालक को नजदीक के अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है जहां देर शाम तक उन्हें पूरी तरह से होश नहीं आ सका था।
कौशांबी जिले के धुनाई थाना सैनी निवासी मनोज कुमार चौरसिया मुंबई में पान विक्रेता हैं। वह प्रयागराज रेलवे जंक्शन तक ट्रेन से आए। फिर भोर पहर वह लीडर रोडवेज बस में सवार होकर घर जा रहे थे कि बस में सवार जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके जेब से मोबाइल, एक हजार रुपये नगद व कपड़े, जूसर मशीन आदि से भरा थैला उड़ा ले गए। कंडेक्टर ने यात्रियों को गिना तो एक यात्री बस से नहीं उतरा था। जिसे बेहोश हालत में बस कंडेक्टर मो. नसीम खान खागा कोतवाली लेकर गए जहां से पुलिस ने उन्हें हरदों अस्पताल ले जाकर भर्ती कराने को कहा। जिस पर बस कंडेक्टर ने बेहोश यात्री को हरदों सीएचसी में भर्ती कराकर उसके परिजनों को कौशांबी में सूचित किया।
इसी प्रकार औंग थाने के रामपुर गांव निवासी ई रिक्शा चालक रामप्रताप चौडगरा गया था। वहां पर रिक्शा में एक सवारी को बिठाल लिया। उक्त सवारी ने दुर्गागंज के समीप होटल से चाय पिया और चालक को पिलाया। कुछ देर में ही चालक बेहोश हो गया तो उसे जहरखुरानी गिरोह के सदस्य ने सड़क के किनारे पटरी पर फेंक दिया और उसका ई-रिक्शा, मोबाइल, अंगूठी व चेन लूटकर फरार हो गया। खबर पाकर भाई राजेश ने औंग स्थित एक निजी अस्पताल में चालक को भर्ती कराया।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033