बकरीद आज, ईदगाह डबल फाटक में उमड़ेगी भीड़

रायबरेली। बकरीद का त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा। इसके लिए मुस्लिम परिवारों ने जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज का वक्त तय कर दिया गया है। सबसे ज्यादा भीड़ ईदगाह डबल फाटक में रहेगी। जिससे यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

बकरीद के मद्देनजर मुस्लिम इलाकों में साफ-सफाई के साथ ही ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास चूने का छिड़काव कराए जाने की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद ने संभाल ली है। ईओ बाल मुकुंद मिश्रा का कहना है कि पालिका ने टीमें बना दी हैं। उधर, सुरक्षा व्यवस्था का खाका भी तैयार कर लिया गया है। जहानाबाद से ओवरब्रिज होकर रतापुर जाने वाले मार्ग पर नमाज के दौरान करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहेगा।

पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह का कहना है कि सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस की तैनाती रहेगी। कहीं कोई अप्रिय घटना की सूचना मिली तो तुरंत एक्शन लिया जाएगा। शहर के टाउन हाल में बकरा मंडी लगती है। रविवार को काफी भीड़ उमड़ी। पिछले साल की अपेक्षा इस बार दाम में काफी उछाल है। 
कुर्बानी का सिलसिला बुधवार तक चलेगा, इसलिए बकरा मंडी में अगले तीन दिन तक इसी तरह भीड़ नजर आएगी। कुर्बानी के लिए बकरा लेने आए डा. इम्तियाज, हमदान अहमद, मो. अनवार, अल्ताफ आदि का कहना है कि इस बार 10 हजार रुपये से कम का बकरा नहीं है। बाजार में सबसे 45 हजार तक के बकरे आए हैं।

बकरीद के मद्देनजर सब्जी मंडी तिराहा और कहारों का अड्डा रोड पर प्रमुख बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। दोपहर लगभग 2.30 बजे बारिश शुरू हुई और करीब सवा घंटे तक पानी बरसता रहा, जिससे बाजार का माहौल गड़बड़ा गया। बारिश थमी तो बाजारों में जलभराव ने मजा किरकिरा कर दिया। हालांकि शाम को फिर बाजार में रौनक लौटी और खरीदारों की भीड़ उमड़ी।

देर रात तक बाजार खुले रहे। सबसे ज्यादा जोर रेडीमेड कपड़ों, जूते-चप्पल, सौंदर्य प्रसाधन की खरीदारी पर रहा। व्यंजन बनाने के लिए खानपान के सामान की बिक्री भी होती रही।

जिले की ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज का वक्त
ईदगाह डबल फाटक 9.00 बजे
ईदगाह खपरमलंग 8.00 बजे
ईदगाह हलोर 8.30 बजे
ईदगाह मुंशीगंज 8.30 बजे
ईदगाह राजामऊ 8.00 बजे
ईदगाह अमावां 8.30 बजे
जामा मस्जिद, खिन्नीतल्ला 8.30 बजे
मस्जिद हबीब खां, सिंधी क्वार्टर 8.30 बजे
सुन्नी मरकजी मस्जिद, गुलाब रोड 8.15 बजे
मस्जिद अनवार मदीना, अनवर नगर 8.00 बजे
मस्जिद सदरिया, आजाद नगर 8.15 बजे
जामा मस्जिद, राजघाट 8.00 बजे
मस्जिद तैबा, हरचंदपुर 9.00 बजे
जामा मस्जिद, कुंदनगंज 8.00 बजे
जामा मस्जिद, बड़ा घोसियाना 9.30 बजे
जामा मस्जिद, लालगंज 7.30 बजे
मदीना मस्जिद, जेल रोड 8.00 बजे
मस्जिद साहेबुल अस्र 8.00 बजे
मस्जिद कुबा कजियाना 8.30 बजे
जामा मस्जिद मीर असगर अली 10.00 बजे
(यह जानकारी शहर काजी सुहैल अख्तर रजा और अंजुमने सज्जादिया के मीसम नकवी ने दी।)

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*