पीएचसी में ताला लगाकर डाक्टर गायब, प्रसूता की हालत गंभीर

असोथर। ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे हैं। आलम यह है कि डाक्टर अस्पताल में ताला डाल डालकर गायब हो जाते हैं। प्रसव के समय एंबुलेंस भी काफी देर से पहुंचती है। इसकी बानगी रविवार को देखने को मिली। गंभीर हालत में सातों गांव की एक प्रसूता पीएचसी पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। सही समय पर उपचार ना मिलने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

सातों गांव की शांति देवी पत्नी विजय गुप्ता की डिलेवरी होनी थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे गांव की आशा और एएनएम का अतापता नहीं था। घर वालों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस भी समय पर नहीं पहुंची। आखिर में शांति देवी की डिलेवरी घर में ही हो गई। असुरक्षित प्रसव होने से नवजात की मौत हो गई। इस दौरान जच्चा की हालत भी बिगड़ गई। काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। जच्चा को लेकर परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचे। यहां अस्पताल के गेट पर ताला लगा हुआ था। तीमारदारों ने अस्पताल के आसपास भी देखा लेकिन डाक्टर तो दूर अस्पताल का एक कर्मचारी भी नजर नहीं आया। पीएचसी प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ रहा। हारकर परिजन प्रसूता को लेकर जिला चिकित्सालय रवाना हो गए। सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी से पूछताछ की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि जिस समय ताला लगा हुआ था, उस समय किसकी ड्यूटी थी। जिम्मेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

*मा0 मंत्री कृषि ने 05 दिवसीय पारम्परिक मेला/महोत्सव का किया उद्घाटन*

सर्द हवा से बढ़ी ठिठुरन, ठंड से एक की मौत

*मानसिक दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर*