लोडर की टक्कर से बाइक मैकेनिक समेत दो की मौत
बहुआ (फतेहपुर)। बगैर हेलमेट लगाए ड्राइविंग करना दो दोस्तों की जान का सबब बन गया। बांदा-टांडा हाईवे पर सिंधाव गांव की पुलिया के पास सोमवार शाम पिकअप (लोडर) की टक्कर से बाइक सवार दोनों की मौत हो गई। दोनों पड़ोसी भी थे। गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है।
बहुआ के जवाहर नगर कंजरन डेरा निवासी आशिक अली का बेटा साहिल (16) इंटर का छात्र था। शाम करीब चार बजे वह पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त बकरीदी का बेटा सफीक उर्फ अधारी (18) के साथ बाइक से थाना क्षेत्र के सिधांव जा रहा था। सफीक बाइक मैकेनिक था। सिधांव गांव की पुलिया के पास फतेहपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने साहिल की मौके पर मौत हो गई। सफीक उर्फ अधारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट न होने से दोनों को सिर में भी चोट लगी। पुलिस ने घायल को पीएचसी बहुआ पहुंचाया। सदर अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। परिजन घायल को कानपुर ले जा रहे थे लेकिन महराजपुर के पास उसकी भी मौत हो गई। दोनों के शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। उधर, करीब घंटे जाम के चलते वाहन जहां-तहां खड़े रहे। थानाध्यक्ष केशव वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर लोडर और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाइक वाले हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी। मौत की वजह सिर में गंभीर चोट मानी जा रही है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033