डंपर ने बाइक सवार फेरीवाले को कुचला मौत
खागा (फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे प्लांट से गिट्टी खाली कर लौट रहे डंपर ने शुक्रवार सुबह खासमऊ में बाइक सवार फेरीवाले को टक्कर मार दी। पिछले पहिए से कुचल जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार के पास हेलमेट नहीं मिला है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी सुखपत का बेटा शिवप्रसाद (30) फेरी लगाकर अचार बेचने का काम करता था। वह फेरी करने सुबह घर से निकला था। खागा कोतवाली क्षेत्र के खासमऊ आईटीआई कालेज के पास सुबह लगभग साढ़े आठ बजे पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। कुचल जाने से बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। महिंचा मंदिर से चौकी पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को मार्च्युरी हाउस भेजकर यातायात बहाल कराया। पुलिस को कपड़ों की तलाशी में मोबाइल मिला। पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। उसकी पत्नी गीता देवी, मां शांति देवी का हादसा सुनते ही हाल बेहाल हो गया। शिवप्रसाद मूलरूप से कौशांबी के कनवार निवासी थे। परिजनों ने बताया कि शिवप्रसाद की बड़ी बेटी रचना (12), सूरज(10), दीपिका (8), विकास (6), सलोनी (6), दो माह की एक बेटी है। परिवार का भरण पोषण उसकी कमाई से होता था। चौकी इंचार्ज प्रदीप यादव ने बताया कि वन-वे होने के कारण डंपर और बाइक एक लेन में थे। डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। बाइक सवार के पास हेलमेट नहीं मिला। सिर कुचल जाने से मौत हुई है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033