बांस के पुल पर हिल रही जिदगी, आठ घंटे जाम
खखरेड़ू : रक्षपालपुर कस्बे में निर्माणाधीन नहर पुल से आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए बांस-बल्ली के सहारे अस्थायी पुल बनाया गया है, प्रतिदिन इस अस्थायी पुल से दो पहिया वाहन सवार, पैदल-राहगीर व स्कूल जाने वाले बच्चे हिलते-डुलते पुल से निकलते हैं। बड़े वाहन सवार इधर से जाने में डरते हैं तो उन्हें कनपुरवा बाईपास से निकाला जाता है। रविवार को वाहनों के कनपुरवा बाईपास में फंसने से आठ घंटे तक जाम लगा रहा और आवागमन ठप रहा।
रक्षपालपुर कस्बे में बीते एक पखवारे से पुल का निर्माण जारी है। लोक निर्माण विभाग के आला-अधिकारियों ने पुराना पुल तोड़कर राहगीरों के निकलने के लिए बगल में कच्चा पुल तैयार कर दिया। बताते हैं इस रास्ते से दो पहिया वाहन चालक व पैदल राहगीर भी बेहद जोखिम लेकर गुजरते हैं। कल्लू सिंह, राजा सिंह, महेंद्र कुमार, राजेश तिवारी, मुन्ना सिंह आदि लोगों ने बताया कि बांस-बल्ली से तैयार कच्चे रास्ते पुल पर रोजाना कोई न कोई व्यक्ति गिरकर चोटिल होता है। तीन दिनों के अंदर सात बाइक सवार व पैदल गुजर रही दो महिलाएं गिरकर चोटिल हो चुकी हैं। बड़े वाहनों को कनपुरवा बाईपास से निकाला जा रहा है। उस सड़क की हालत भी ऐसी है कि दो वाहन एक साथ नहीं निकल सकते हैं। बीती रात्रि कनपुरवा बाईपास पर दोनों ओर वाहनों के फंस जाने से लंबा जाम लग गया। कोट-कुल्ली, रक्षपालपुर, दामपुर, शिवपुरी, खखरेड़ू आदि जगहों से खागा व फतेहपुर जिला मुख्यालय जाने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। रोडवेज बसों को धाता, सिराथू होकर निकाला गया। स्कूली बसों को वापस मोड़कर 20 किमी की परिक्रमा के बाद स्कूल-कालेज पहुंचना पड़ा। भोर पहर चार बजे से दोपहर 12 बजे तक वाहन चालकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। विभागीय लापरवाही से पैदा हो रही समस्या को लेकर क्षेत्र के लोगों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
समस्या संज्ञान में आई है, रविवार को कुछ रास्ता दुरुस्त कराया गया है। सोमवार को मौके पर जाकर कच्चे रास्ते का निरीक्षण करेंगे। - रामलखन, जेई पीडब्लूडी
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033