ट्रक मालिक व खलासी से दिनदहाड़े छिनैती
खागा। साईं ढाबा के पास ट्रक में बैठे गाड़ी मालिक व खलासी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दो बदमाश केबिन में घुसे और उनका मोबाइल छीनकर बाइक से भाग निकले। ट्रक मालिक ने दोनों का पीछा किया और कुछ दूर में ही दबोच लिया। इस दौड़भाग में दोनों आरोपी घायल हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
किशनपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर बहेरा गांव निवासी प्राणेश अग्निहोत्री ट्रक मालिक है। बुधवार की दोपहर वह अपनी कार से बाईपास स्थित साईं ढाबा पहुंचे। यहां पर उनका ट्रक खड़ा था। वह ट्रक में बैठ गए और खलासी राकेश निवासी नरैनी के साथ हिसाब करने लगे। सफेद अपाचे बाइक से दो बदमाश वहां पहुंचे और केबिन में चढ़कर दोनों का मोबाइल छीनकर भाग निकले। प्राणेश ने उनका पीछा अपनी कार से किया। कटोघन टोल प्लाजा के पास एक बदमाश बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा वहां से भाग निकला। प्राणेश ने घायल बदमाश को पकड़ लिया और दूसरे के पीछे लग गए। बदमाश पहले कौशांबी जिला के अजुहा कस्बा तक गया। अपने पीछे प्राणेश की कार देखकर वह फिर से फतेहपुर की ओर मुड़कर भागा और पुरइन गांव में घुस गया। प्राणेश ने गांव में अपने एक परिचित को फोन कर सफेद बाइक से आ रहे बदमाश को पकड़ने की सूचना दी। कुछ ग्रामीण सड़क में आ गए और बदमाश पर चलती गाड़ी पर डंडे से प्रहार कर उसे गिरा दिया। उसकी पिटाई भी कर दी। प्राणेश दोनों बदमाशों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस दोनों घायलों को हरदों अस्पताल ले गई। इलाज के बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। दोनों बदमाश मुजफ्फरनगर जनपद के बताए जा रहे है। कोतवाल चिरंजीव मोहन ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment
वन फोर्थ (हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र/न्यूज पोर्टल) 7054273033